युवक ने बीनागंज चौकी पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप:बोला- मुर्गा बनाया और थर्ड डिग्री दिया; पुलिस बोली- चोरी के मामले में संदेही, आरोप झूठे

Feb 14, 2026 - 14:49
 0  0
युवक ने बीनागंज चौकी पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप:बोला- मुर्गा बनाया और थर्ड डिग्री दिया; पुलिस बोली- चोरी के मामले में संदेही, आरोप झूठे
जिले के बीनागंज में एक युवक ने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उसने बीनागंज चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर उसे अवैध रूप से हिरासत में रखने, बाल खींचकर घसीटने और डंडों से बेरहमी से पीटने के आरोप लगाए हैं। उसने SP को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं बीनागंज पुलिस का कहना है कि वह चोरी के मामले में संदेही है। उससे बचने के लिए गलत आरोप लगा रहा है। चांचौड़ा थाना इलाके के बीनागंज के वार्ड नंबर 15 निवासी तरुण शाक्यवार ने SP से शिकायत की है। अपनी शिकायत में उसने बताया कि 6 फरवरी को वह बाजार में मोबाइल सिम पोर्ट कराने गया था। तभी आरक्षक नरेंद्र ओझा उसे यह कहकर बाइक पर बैठाकर चौकी ले गए कि 'अजय सर' बुला रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि चौकी पहुँचते ही प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने उसे जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद प्रभारी सहित आरक्षक नरेंद्र ओझा, मोनू और कुलदीप ने उसे घसीटकर अंदर रूम में बंद कर दिया। तरुण का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे मुर्गा बनाया और करीब 6 घंटे तक पंजों, जांघों और पीठ पर डंडों से बेरहमी से वार किए। पीड़ित का कहना है कि पुलिस उस पर बीनागंज में हुई किसी चोरी के झूठे केस को कबूल करने के लिए दबाव बना रही थी। जबरन अपराध स्वीकार न करने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जिसके बाद से युवक गुना में अपना इलाज करा रहा था। शनिवार को पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि सीसीटीवी फुटेज और उसके शरीर पर मौजूद चोटों के आधार पर जांच की जाए। उसने चौकी प्रभारी अजय प्रताप सिंह और तीनों आरक्षकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में बीनागंज चौकी प्रभारी SI अजय प्रताप सिंह का कहना है कि थाना क्षेत्र में एक मॉल में हुई चोरी में वह संदेही है। पुलिस ने किसी तरह की मारपीट उससे नहीं की है। वह बचने के लिए इस तरह की बात बोल रहा है। झूठे आरोप लगा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0