विदिशा में निर्वाचन आयोग ने की SIR की समीक्षा:सचिव बोले- हर नाम सही दर्ज हो, पारदर्शी चुनाव ही लोकतंत्र की आधारशिला
भारत निर्वाचन आयोग के सचिव विनोद कुमार ने विदिशा में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील और जिम्मेदारीपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। इसका उद्देश्य आगामी चुनावों को सुचारु और पारदर्शी बनाना है। सचिव विनोद कुमार के साथ उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश यादव भी विदिशा पहुंचे थे। उन्होंने जिले में चल रहे एसआईआर कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल गुप्ता ने जिले की पांच विधानसभाओं विदिशा, गंजबासौदा, कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में बीएलओ की नियुक्ति, मतदाता सूची का अद्यतन, मैपिंग, मुद्रण और वितरण का कार्य तेजी से चल रहा है। समीक्षा के दौरान वर्ष 2003 और वर्ष 2025 के मतदाता आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया, जिससे मतदाता सूची की गुणवत्ता का मूल्यांकन हुआ। सचिव विनोद कुमार ने जोर देकर कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक मतदाता का नाम सही रूप से दर्ज होना निष्पक्ष चुनाव की पहली शर्त है। उन्होंने अधिकारियों को सूची अद्यतन में किसी भी त्रुटि से बचने के निर्देश दिए। मैपिंग कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई। विदिशा में 50.97%, गंजबासौदा में 61.37%, कुरवाई में 64.02%, सिरोंज में 56.97% और शमशाबाद में 64.01% मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है। सचिव ने निर्देश दिए कि मैपिंग कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए ताकि निर्वाचक नामावली शुद्ध और त्रुटिरहित रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनुभा जैन ने बताया कि जिले में कुल 1347 बीएलओ तैनात किए गए हैं, जो 11 लाख 20 हजार 532 मतदाताओं को एनवायरमेंट फॉर्म वितरित करेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीएलओ का प्रशिक्षण, परिचय पत्र वितरण, शिकायत प्रकोष्ठ और कंट्रोल रूम का गठन जैसे सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0