मऊगंज में चाकमोड़ से बस संचालन की अनुमति मांगी:बस संचालकों ने बताया- हो रहा घाटा; कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

Nov 6, 2025 - 20:29
 0  0
मऊगंज में चाकमोड़ से बस संचालन की अनुमति मांगी:बस संचालकों ने बताया- हो रहा घाटा; कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन
मऊगंज में बस संचालकों ने गुरुवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चाक मोड़ से बसों के संचालन की अनुमति देने की मांग की है। संचालकों का आरोप है कि अस्थायी बस स्टैंड से बसों का संचालन घाटे में चल रहा है। संचालकों के अनुसार, लगभग एक वर्ष पहले शहर में सड़क निर्माण कार्य के चलते धारा 144 लागू की गई थी। इसके तहत भारी वाहनों और बसों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। तब प्रशासन ने सिंचाई कॉलोनी स्थित अस्थायी बस स्टैंड से बसों के संचालन की व्यवस्था की थी। बस संचालकों का आरोप है कि अस्थायी बस स्टैंड शहर से काफी दूर है। इस कारण यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है। अधिकांश यात्री अब चाक मोड़ से ही ऑटो और टैक्सी के माध्यम से रीवा की ओर चले जाते हैं। इससे बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। संचालकों ने यह भी बताया कि पिछले चार दिनों से यातायात पुलिस ने चाक मोड़ मार्ग से बसों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया है। इस कदम ने उनकी समस्याओं को और बढ़ा दिया है। संचालकों ने मांग की है कि रीवा से आने-जाने वाली बसों को चाक मोड़ मार्ग से संचालन की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और परिवहन व्यवस्था सुचारू रूप से चल सकेगी। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। संचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0