धनतेरस और दीपावली पर शहर में बदला रहेगा ट्रैफिक:नियम 18 से 21 अक्टूबर तक, भारी वाहनों पर प्रतिबंध, बाजारों में नो-एंट्री और डायवर्जन लागू
छिंदवाड़ा में धनतेरस और दीपावली पर्व पर खरीदारी को लेकर शहर के मुख्य बाजारों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 18 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2025 तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर में कहीं भी भारी वाहन नहीं चलेंगे, वहीं प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री और डायवर्जन की व्यवस्था लागू की जाएगी। ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इन रास्तों पर रूट डायवर्ट
त्योहारों के दौरान आमतौर पर बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। धनतेरस पर जहां सुबह से ही सोना-चांदी और बर्तन खरीदने वालों की भीड़ रहती है, वहीं दीपावली से पहले मिठाई, सजावट और कपड़ों की दुकानों पर रौनक रहती है। ऐसे में शहर के मुख्य बाजारों — फव्वारा चौक, बुधवारी बाजार, इतवारी, गोलगंज और मटका बाजार — में पैदल और वाहन यातायात दोनों का दबाव बढ़ जाता है। भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा पूरी तरह बंद जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने 18 से 21 अक्टूबर तक सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है। इस अवधि में किसी भी प्रकार के अनुमति प्राप्त या गैर-अनुमति प्राप्त ट्रक, बस, मालवाहक वाहन आदि को शहर की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हालांकि, शासकीय कार्यों या अत्यावश्यक सेवाओं जैसे पानी, बिजली, स्वास्थ्य या सफाई कार्यों में लगे वाहनों को यातायात थाना प्रभारी छिंदवाड़ा से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति दी जाएगी। भीड़ की स्थिति को देखते हुए नो-एंट्री का समय आवश्यकतानुसार बढ़ाया या घटाया भी जा सकेगा। पार्किंग स्थल तय त्योहारों के दौरान लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने वाहन पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की है। चार पहिया वाहन चालकों को पोला ग्राउंड और एमएलबी स्कूल परिसर में पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। वहीं दो पहिया वाहनों के लिए फव्वारा चौक, इतवारी बाजार, बुधवारी बाजार, गवर्नमेंट एक्सीलेंट स्कूल और हिंदी प्रसारणी परिसर में पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें ताकि बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने। भीड़ के समय डायवर्जन लागू रहेगा धनतेरस और दीपावली के दिनों में शहर के कुछ प्रमुख स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।ईएलसी तिराहा से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर रातकुल तिराहा और एमएलबी स्कूल की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा।इसी तरह पुराना पावर हाउस क्षेत्र से आने वाले वाहनों को भीड़ बढ़ने की स्थिति में खिरका मोहल्ला की ओर मोड़ा जाएगा।जल तिराहा से वाहनों को आवश्यकतानुसार सत्कार तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा, वहीं बोट बाजार क्षेत्र में अधिक भीड़ होने पर तीन और चार पहिया वाहनों को अन्य मार्गों से भेजा जाएगा। मुख्य बाजारों में नो-एंट्री व्यवस्था त्योहारों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।अनगढ़ हनुमान मंदिर से बुधवारी बाजार तक दो, तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।पुस्तक वाली गली से फव्वारा चौक तक भी किसी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।फव्वारा चौक से गोलगंज मार्ग को वन-वे घोषित किया गया है। यहां केवल दोपहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति रहेगी, लेकिन उनकी निकासी इस मार्ग से नहीं की जा सकेगी।इसी प्रकार मटका बाजार (छापाखाना चौराहा) से अनगढ़ हनुमान मंदिर और मोहवे मार्केट की दिशा में तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।शगुन साड़ी सेंटर से पहाड़े मेडिकल तिराहा तक भी चार पहिया वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि बाजार में अत्यधिक भीड़ होती है तो दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी अस्थायी रोक लगाई जाएगी। आपातकालीन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर पुलिस ने एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए खास रास्ता (स्पेशल रूट) बनाया है। इन वाहनों को बिना किसी रुकावट के जल्दी पहुंचने दिया जाएगा। अगर किसी मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना हो, तो यातायात पुलिस ग्रीन कॉरिडोर बनाएगी, ताकि एंबुलेंस को रास्ता आसानी से मिल सके। जरूरत पड़ने पर नागरिक मोबाइल नंबर 7000549056 या लैंडलाइन नंबर 07162-244011 पर संपर्क कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0