सहायक आबकारी आयुक्त ने जिसे पीटा, उसने सुनाई आपबीती,VIDEO:कहा-जूते से मारा, सीने पर पैर रखकर कहा मालिक को बोलना बात करें

Jul 19, 2025 - 09:36
 0  0
सहायक आबकारी आयुक्त ने जिसे पीटा, उसने सुनाई आपबीती,VIDEO:कहा-जूते से मारा, सीने पर पैर रखकर कहा मालिक को बोलना बात करें
जबलपुर में सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे द्वारा बरेला की शराब दुकान पर कर्मचारी से मारपीट के मामले की जांच करने आज (शनिवार) भोपाल से जांच दल जबलपुर पहुंचेगा। अपर आयुक्त दल के मुखिया हैं, वे डीसी ऑफिस में दुबे, शिकायतकर्ता और ठेकेदारों के बयान लेकर रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे। उधर, विभाग के रिकॉर्ड में फरार चल रहे उपेंद्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने संजीव दुबे पर जूते से मारने और सीने पर पैर रखकर धमकी देने सहित गंभीर आरोप लगाए हैं। सहायक आबकारी आयुक्त दुबे का एक वीडियो शुक्रवार को सामने आया था, जिसमें वे शराब दुकान के कर्मचारी उपेंद्र मिश्रा से मारपीट कर रहे हैं। इतना ही नहीं, दुबे ने अपने सिपाही से भी उपेंद्र को पिटवाया और घटना के 20 घंटे बाद उपेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए प्रेसनोट जारी कर दिया। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद वाणिज्यिक कर विभाग के प्रमुख सचिव अमित राठौर ने अपर आयुक्त मुकेश नेमा के नेतृत्व में 3 सदस्यीय जांच दल गठित किया है। वीडियो में उपेंद्र ने सुनाई आपबीती उपेंद्र ने बताया कि गुरुवार शाम को सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे की गाड़ी दुकान के सामने आकर रुकी। हम उन्हें नहीं जानते थे। गाड़ी का ड्राइवर आया और पूछा कि व्हिसकी की बोतल कितने की है, हमने 800 रुपए बताए। वह शराब लिए बगैर चला गया और कुछ देर बाद चार लोग आए, इसमें से कुछ सिविल ड्रेस में थे। सीधे दुकान में घुसे और पूरे दस्तावेज जब्त कर लिए। फिर दुकान के इंचार्ज का पूछा, मैंने कहा कि मैं हूं, तो दुबे ने थप्पड़ मार दिया। कुछ देर बाद एक ग्राहक आया, उसने रम का क्वार्टर मांगा, तो हमने 200 रुपए का बताया। ग्राहक ने 180 रुपए देने को कहा, हमने मना कर दिया। इतना सुनते ही दुबे नाराज हो गए और बोलने लगे कि तू शासन के नियमों के खिलाफ शराब बेच रहा है। इसके बाद उन्होंने मुझे बहुत मारा और फिर उनके गनमैन हर्ष ठाकुर ने भी मारा। दुबे ने कहा-इसके खिलाफ 34(2) का मामला दर्ज करो उपेंद्र ने बताया कि मारपीट के बाद दुबे ने मेरे खिलाफ 34(2) के तहत मामला दर्ज करने को कहा। तभी आबकारी विभाग की टीम पहुंच गई। पहले उन्होंने दुकान मालिक को फोन लगाया, पर जब फोन नहीं उठा, तो रुपयों की डिमांड करने लगे। मैंने कहा कि रुपयों का लेन-देन मालिक करते हैं, तो मालिक को फोन लगाने को कहा। फिर भी मालिक से बात नहीं हुई तो जूते से मारने के बाद सीने पर पैर रखकर धमकी दी और फिर सभी चले गए। बरेला के बाद पहुंचे धनपुरी संजीव दुबे पर आरोप हैं कि वे बरेला के बाद धनपुरी की दुकान पहुंचे, जहां पर उन्होंने पूछा कि तुम्हारा मालिक कहां है, इस पर कर्मचारी ने बताया कि हमें नहीं पता, इतन सुनते ही, संजीव दुबे ने मारना शुरू कर दिया। इसके बाद दुकान में लगा सीसीटीवी का डीवीआर भी निकालकर ले गए। कर्मचारी ने बताया कि करीब एक घंटे तक दुबे ने मारपीट की और फिर यह कहते हुए धमकी देते हुए चले गए कि अपने मालिक से बोलना कि मुझसे से बात करे। 20 घंटे बाद पीड़ित पर हो गई एफआईआर सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे का शुक्रवार को जैसे ही शराब कर्मचारियों के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया तो आनन-फानन में आबकारी विभाग ने एक प्रेस नोट जारी कर दिया, जिसमें पीड़ित उपेंद्र को शराब तस्कर बताते हुए उसके कब्जे से 5 लाख की शराब सहित तीन लग्जरी कार की जब्ती बताई। उपेंद्र का कहना है कि कार किसकी है, यह उसे नहीं पता। आबकारी विभाग ने फर्जी 5 लाख की शराब जब्ती की कार्रवाई की है। विवादों में रहे हैं संजीव दुबे जबलपुर सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे का विवादों से गहरा नाता है। अपनी कार्यप्रणाली को लेकर इंदौर और भोपाल में उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित किया गया था। आबकारी राजस्व में करीब 40 करोड़ से ज्यादा का घोटाला करने के मामले में पूर्व वित्तमंत्री जयंत मलैया ने इंदौर में पदस्थ रहते हुए संजीव दुबे सहित सात अधिकारियों को सस्पेंड किया था। इतना सब होने के बाद भी आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल से जब दैनिक भास्कर की टीम ने फोन पर बात की, तो उनका कहना था कि यह मामला पुलिस का है, जांच और कार्रवाई उनको करना है, इस सबसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। इस खबर को भी पढ़िए... आबकारी अफसर ने शराब दुकान कर्मचारियों को लात-घूंसे मारे जबलपुर में सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे ने 4 शराब दुकानों में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की। आरोप है कि संजीव दुबे अवैध वसूली के लिए दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने लात-घूंसे मारे। कहा- मालिक से कहना दुकान सरेंडर कर दे, वरना बर्बाद कर दूंगा। पिटाई के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। जहां संजीव दुबे ने मारपीट की, वो चारों शराब दुकान ठेकेदार अजय सिंह बघेल की हैं। गुरुवार शाम को ठेकेदार नरसिंहपुर में थे। जानकारी के अनुसार, शाम को संजीव दुबे कुछ कर्मचारियों के साथ ठेकेदार की दुकानों पर गए। यहां करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। एक दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी निकालकर ले गए। पूरी खबर पढ़ें...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0