लव जिहाद के खिलाफ सर्व हिन्दू समाज का प्रदर्शन:महिलाएं बोलीं- हिंदू नाम रखकर, कलावा बांधकर जाल में फंसा रहे; विदेशों से हो रही फंडिंग

May 16, 2025 - 14:17
 0  0
लव जिहाद के खिलाफ सर्व हिन्दू समाज का प्रदर्शन:महिलाएं बोलीं- हिंदू नाम रखकर, कलावा बांधकर जाल में फंसा रहे; विदेशों से हो रही फंडिंग
प्रदेश में बढ़ते लव जिहाद के मामलों को लेकर गुना में सकल हिन्दू समाज ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। हनुमान चौराहे से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली गई। मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन कलेक्ट्रेट में अधिकारियों को सौंपा गया। ज्ञापन के जरिए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सर्व हिन्दू समाज के बैनर तले नागरिक हनुमान चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। रैली में लव जिहाद के खिलाफ नारेबाजी की गई। यहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया। एडवोकेट आशा किरण कौर ने बताया कि विधर्मियों द्वारा अपनी पहचान छुपाकर हिन्दू समाज की लड़कियों को फंसाकर उनका जीवन नर्क बनाया जा रहा है। प्रदेश के लगभग हर जिले में लव जिहाद' के सुनियोजित अपराधों ने प्रदेश के जनमानस को झकझोर कर रख दिया है। इन मामलो में मासूम नाबालिग बालिकाओं, युवतियों यहां तक कि विवाहित महिलाओं को धर्म छिपाकर, छलपूर्वक प्रेमजाल में फंसाकर न केवल उनका शारीरिक शोषण किया गया, अपितु उनकी अस्मिता व आत्मसम्मान को भी गहरी चोट पहुंचाई गई है। उन्होंने बताया कि यह केवल कुछ व्यक्तियों द्वारा किया गया अपराध नहीं है। यह प्रदेश की बेटियों के विरुद्ध एक संगठित षडयंत्र है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि इन अपराधों के तार प्रदेश की सीमाओं के पार अंतराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। यह स्थिति अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है, जिससे सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों पर आघात हो रहा है। ज्ञापन के जरिए मांग की गई कि प्रदेश पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) भले ही तत्परता से कार्य कर रहा हो, किंतु यह स्पष्ट हो गया है कि यह षडयंत्र राज्य स्तर से ऊपर उठकर राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा प्रायोजित प्रतीत होता है। राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा भी इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति का गठन किया है, जिससे प्रकरण की व्यापकता और संवेदनशीलता स्वतः सिद्ध होती है। अत्यंत चिंता एवं क्षोभ के साथ सकल हिन्दू समाज मांग करता है कि इस समूचे षड्यंत्र का समूल उन्मूलन किया जाए। बेटियों की सुरक्षा और न्याय केवल तभी संभव होगा, जब इसकी गहन, निष्पक्ष और राष्ट्रीय स्तर पर जांच हो। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ही एकमात्र सक्षम संस्था है, जो इन अंतराज्यीय व संगठित अपराधों की तह तक जाकर अपराधियों के नेटवर्क को उजागर कर सकती है। इसलिए इस मामले को NIA को सौंपा जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0