रीवा की हिनौती गोशाला में शेड की कमी:क्षमता से अधिक मवेशी-ठूस-ठूसकर लाए गए, स्थानीय लोगों ने किया विरोध
रीवा जिले के गंगेव जनपद अंतर्गत हिनौती ग्राम पंचायत स्थित गदही गोधाम (गोशाला) को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में गोवंश को वाहनों में ठूंस-ठूंसकर लाते हुए दिखाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद गोशाला की क्षमता, पशु परिवहन नियमों और पशु कल्याण मानकों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्षमता से अधिक मवेशी, शेड और सुविधाएं नाकाफी
स्थानीय निवासी शिवानंद द्विवेदी ने बताया कि गोशाला में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक मवेशियों को लाया जा रहा है। शेड की संख्या सीमित होने के कारण पशुओं को असुविधाजनक हालात में रखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा बुनियादी ढांचा—शेड, पानी, चारा और चिकित्सा सुविधाएं—वर्तमान गोवंश संख्या के अनुरूप नहीं हैं। परिवहन और स्वास्थ्य पर सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, मवेशियों को लाने के दौरान परिवहन मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। वीडियो में कुछ गोवंशों की हालत गंभीर नजर आ रही है, जिससे उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसे पशु क्रूरता निवारण नियमों के उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है। पहले भी उठ चुकी है आपत्ति
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी गोशाला में क्षमता से अधिक मवेशियों को लाए जाने को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई जा चुकी हैं। प्रशासनिक पत्राचार में भी स्थान की कमी का उल्लेख होने की बात सामने आई है, इसके बावजूद गोवंश का आवागमन जारी रहने से स्थिति और जटिल हो गई है। ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि गोशाला की वास्तविक क्षमता का तत्काल आकलन किया जाए, मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और जब तक पर्याप्त व्यवस्था न हो, नए मवेशियों का प्रवेश रोका जाए। साथ ही, गोशाला संचालन को मान्यता प्राप्त गोसेवा संस्थाओं के माध्यम से सुदृढ़ करने की भी मांग की गई है। प्रशासन से संज्ञान की अपील
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का तत्काल निरीक्षण कराने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि गोवंशों के लिए सुरक्षित, मानवीय और नियमानुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0