कबीर गुफा दर्शन यात्रा के लिए बांधवगढ़ में प्रशासन अलर्ट:4 दिसंबर को 15 किमी पैदल यात्रा करेंगे श्रद्धालु; 400 कर्मचारी और हाथी दल तैनात
उमरिया विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में स्थित प्राचीन कबीर गुफा के दर्शन के लिए अगहन पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु ताला पहुंचते हैं। इस वर्ष गुरुवार को होने वाली इस यात्रा के लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला जोन में स्थित कबीर गुफा और चबूतरा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु ताला गेट से लगभग 15 किलोमीटर की पहाड़ी और जंगली यात्रा पैदल तय करते हैं। यह यात्रा प्रतिवर्ष अगहन पूर्णिमा पर आयोजित होती है। यात्रा सुरक्षा के लिए 400 से अधिक कर्मचारी तैनात यह संपूर्ण मार्ग टाइगर रिजर्व के कोर एरिया से होकर गुजरता है, जहां जंगली हाथी, बाघ और अन्य वन्यजीवों का विचरण रहता है। इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने वन्यजीवों की गतिविधियों पर त्वरित नियंत्रण के लिए हाथी दल को गश्त पर लगाया है। यात्रा की सुरक्षा और सुविधा के लिए टाइगर रिजर्व, पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। यात्रा मार्ग पर पीने के पानी, प्राथमिक उपचार, विश्राम स्थल और अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था की गई है। ताला गेट पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, स्टॉपर और आवागमन की विशेष योजना भी लागू की गई है। कलेक्टर ने दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया कलेक्टर, टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक, पुलिस के अधिकारियों के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मार्ग का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। परिक्षेत्र अधिकारी (ताला) राहुल किरार ने बताया कि 4 दिसंबर की दर्शन यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने पुष्टि की कि 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं और हाथी दल वन्य प्राणियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहा है। श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म की व्यवस्था की गई है और 5000 श्रद्धालुओं को यात्रा में भेजने की व्यवस्था की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0