नवापारा-राजिम में ‘गौ सम्मान’ की गूंज, राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग
भास्कर न्यूज | नवापारा-राजिम क्षेत्र में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ ने व्यापक रूप ले लिया है। समस्त गौ-सेवियों द्वारा संचालित इस अभियान के तहत गौ माता को ‘राष्ट्र माता’, ‘राष्ट्र आराध्या’ अथवा ‘राष्ट्र धरोहर’ घोषित करने की मांग जोर पकड़ रही है। साथ ही देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गो-आधारित अर्थव्यवस्था लागू करने की दिशा में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत केंद्र और राज्य सरकारों से एक समान केंद्रीय कानून बनाने, गो-सेवा मंत्रालय के गठन और देशभर में गो-सेवा को बढ़ावा देने की मांग की गई है। गौ-सेवियों का कहना है कि गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पादों को अर्थव्यवस्था का हिस्सा बनाकर रोजगार और कृषि दोनों को मजबूती दी जा सकती है। अभियान में कृषि विश्वविद्यालयों में गोबर-गोमूत्र पर अनुसंधान केंद्र स्थापित करने, सरकारी भवनों में गोबर पेंट तथा अस्पतालों में ‘गो-नाइल’ के उपयोग को बढ़ावा देने, रासायनिक खेती पर नियंत्रण और गो-आधारित कृषि को प्रोत्साहन देने जैसे सुझाव शामिल हैं। इसके साथ ही गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और ‘गोचर विकास बोर्ड’ के गठन की मांग भी उठाई गई है। इसी कड़ी में आगामी 27 अप्रैल को नवापारा-राजिम क्षेत्र के गौ-प्रेमी बड़ी संख्या में एकत्र होकर तहसीलदार और कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। तहसील प्रचार प्रमुख रूपेंद्र चंद्राकर ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर इस पहल को सफल बनाने की अपील की है। इस अभियान का नेतृत्व किसी एक व्यक्ति के बजाय “समस्त गौ-प्रेमी समाज” कर रहा है। श्री गोपाल गौशाला, नवापारा के तत्वावधान में संरक्षक मनमोहन अग्रवाल, अध्यक्ष गिरधारी अग्रवाल, सचिव राजू काबरा, सह सचिव रूपेंद्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष चंदू कंसारी, प्रफुल्ल दुबे, डॉ. वर्मा, डॉ. राजेंद्र गदीया, रवि शंकर साहू, रोशन साहू व अन्य मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0